गृहे-गृहे यज्ञ अभियान के अंतर्गत देश भर के 24 लाख घरों में और चंद्रपुर में 1600 घरों में दिनांक 23/05/2024 को एक साथ गायत्री यज्ञ संपन्न हुए

✒️ संजय तिवारी चंद्रपूर (Chandrapur जिल्हा प्रतिनिधी) 

चंद्रपूर(दि.27 मे) :- गायत्री परिवार की अधिष्ठात्री माता भगवती देवी शर्मा जी का जन्मशताब्दी वर्ष 2026 है। इस हेतु अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा विश्वभर में यज्ञीय आयोजन सम्पन्न कराने की योजना के तहत गायत्री परिवार चंद्रपुर के श्री वेदमाता गायत्री शक्तिपीठ,चंद्रपुर के गायत्री परिजनों के द्वारा बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर शांतिकुंज के तत्वावधान में गृहे-गृहे गायत्री यज्ञ अभियान के अंतर्गत चंद्रपुर जिले में हजारों घरों में एक साथ एक ही समय में गायत्री यज्ञ किया गया*। *इसमें गायत्री परिवार के हजारों स्वयंसेवकों ने सर्वे भवंतु सुखिनः की भावना से यज्ञ सम्पन्न कराया और विश्व कल्याण की प्रार्थना की।

अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख श्रद्धेय डॉ प्रणव पण्ड्या ने बताया कि गृहे-गृहे गायत्री यज्ञ अभियान एक विश्वस्तरीय आध्यात्मिक प्रयोग है। इस बार लक्ष्य से अधिक घरों में गायत्री यज्ञ हुए। उन्होंने बताया कि आयोजन के लिए देश भर के गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा विगत एक सप्ताह से घर-घर संपर्क किया गया था और सोशल मीडिया के माध्यम से भी जन-जन तक यह संदेश पहुंचाया गया था।

 देवसंस्कृति विश्व विद्यालय के कुलाधिपति श्रद्ेधय डॉ पण्ड्या ने बताया कि यज्ञ ही संसार चक्र की धुरी है। विश्व की प्रथम एवं श्रेष्ठतम संस्कृति के माता-पिता गायत्री और यज्ञ हैं। संस्था की अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी ने कहा कि सद्बुद्धि की अधिष्ठात्री माता गायत्री की इस सामूहिक आराधना से देशभर में शांति की स्थापना होगी और भारत को समर्थ, शक्तिशाली व पुनः विश्व गुरु बनने की दिशा में अग्रसर होगा। साथ ही यज्ञ से देश के चहुंमुखी विकास में दैवीय अनुग्रह प्राप्त होगा, ऐसा विश्वास है।

 गायत्री परिवार चंद्रपुर के जिला समन्वयक श्री वासुदेव राठौरजी ने बताया कि चंद्रपुर जिले के कुल 15 तहसील में गृहे गृहे यज्ञ अभियान के तहत सभी गायत्री शक्तिपीठों, गायत्री प्रज्ञापीठों में गायत्री परिवार के महिला मंडल ,प्रज्ञा मंडल द्वारा 1600 से अधिक घरों में यज्ञ आयोजन कर विश्व कल्याण हेतु आहुतियां अर्पित की गई।

 जो परिजन बुद्ध पूर्णिमा के दिन यज्ञ नही किया है ऐसे परिजन 26 मई रविवार को भी अपने घरों में यज्ञ कर सकते हैं।

 गायत्री परिवार के सभी कार्यकर्ताओं को उनके प्रत्यक्ष एवम् परोक्ष रूप से दिए गए सहयोग हेतु श्री वेदमाता गायत्री शक्तिपीठ चंद्रपुर के प्रबंधन समिति ने हार्दिक आभार प्रकट किया है।